मुख्यमंत्री धामी ने किया किसान सम्मेलन का उद्घाटन

Uttarakhand News

(देहरादून)08नवंबर,2025.

उत्तराखंड राज्य के 25 वर्ष पूरे होने पर पंतनगर के स्टीवेंसन स्टेडियम में शुक्रवार को कृषक सम्मेलन का आयोजन किया गया। कृषक सम्मेलन का शुभारंभ सीएम पुष्कर सिंह धामी और कृषि मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान कृषि, उद्यान, दुग्ध, मत्स्य व सहकारिता क्षेत्र के प्रगतिशील किसानों सहित लखपति दीदियों को सीएम ने प्रतीक चिह्न, प्रशस्तिपत्र और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया।

सीएम धामी ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों का परिश्रम और त्याग ही उनकी सच्ची पूंजी और उनका पसीना ही उनकी ताकत है। उन्होंने उत्तराखंड निर्माण के सपने को साकार करने में योगदान देने वाले और 25 वर्षों में राज्य को आत्मनिर्भर बनाने में अपना अतुलनीय योगदान देने वाले किसानों को नमन किया।

धामी ने कहा कि यह सम्मेलन केवल कृषि योजनाओं की चर्चा का आम कार्यक्रम नहीं बल्कि उत्तराखंड के सभी किसानों और उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर भी है। उन्होंने कहा देश के संतुलित विकास के लिए बहुत आवश्यक है कि किसानों की परेशानियां कम हों और वह सशक्त बनें। क्योंकि किसानों के सशक्तीकरण के बिना राष्ट्र का सशक्तीकरण अधूरा है।
उन्होंने कहा कि खेती-किसानी के इर्द-गिर्द ही हमारा समाज विकसित हुआ। हमारी परंपराएं पोषित हुईं और हमारे पर्व व त्योहार निर्धारित हुए। हमारे शास्त्रों में भी लिखा है कि कृषि संपत्ति और मेधा प्रदान करती है और कृषि ही मानव जीवन का आधार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए खेती देव उपासना करने जैसा है क्योंकि उनके पिता एक जवान और एक किसान भी थे। खेती से लोगों का पेट भर जो संतुष्टि प्राप्त होती है, वह अलौकिक है, उसकी व्याख्या नहीं की जा सकती। यही कारण है कि वह आज भी खेती से जुड़े हैं। इस दौरान सीएम ने लगे स्टालों का निरीक्षण भी किया।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में कृषि व उद्यान के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। कहा कि बागवानी के क्षेत्र में उत्तराखंड अब कश्मीर और हिमाचल के बाद तीसरे स्थान पर है। सरकार ने ड्रैगन फ्रूट, एप्पल, कीवी और मिलेट के लिए विशेष नीतियां बनाईं, ताकि किसानों को अधिक लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि किसान हमारे अन्नदाता हैं। किसान मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। समूहों के माध्यम से महिलाएं आजीविका बढ़ा रही हैं और 1.65 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि सीएम धामी के नेतृत्व में प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है। हमें दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनसमस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करना होगा। उन्होंने किच्छा में औद्योगिक पार्क बनाए जाने के लिए आभार व्यक्त करते हुए पंतनगर की जर्जर सड़कों की मरम्मत सहित अन्य समस्याओं को भी इंगित किया।

इस दौरान दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, बलराज पासी, उत्तम दत्ता, खतीब अहमद, महापौर विकास शर्मा व दीपक बाली, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, गुंजन सुखीजा, महेंद्र सिंह नेगी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, सचिव एसएन पांडे, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी, अपर सचिव आनंद श्रीवास्तव व झरना कमठान सहित अनेकों जनप्रतिनिधि और लगभग पांच हजार किसान मौजूद रहे।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *