‘हरिद्वार दर्शन’ पॉड टैक्सी को हरी झंडी,कैबिनेट ने 23 प्रस्तावों पर लगाई मुहर

Uttarakhand News

(देहरादून) 28नवंबर,2026

हरिद्वार में आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रस्तावित पॉड टैक्सी परियोजना को कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। ‘हरिद्वार दर्शन’ नाम से विकसित होने वाली इस पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (पीआरटी) के तहत शहर में 21.08 किलोमीटर लंबे तीन कॉरिडोर बनेंगे। इन पर कुल 21 स्टेशन प्रस्तावित हैं। परियोजना के तहत पहला और सबसे लंबा कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर लंबा होगा। इस पर 15 स्टेशन बनाए जाएंगे। दूसरा कॉरिडोर सिटी हास्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर लंबा होगा।

इस पर चार स्टेशन होंगे। तीसरा कॉरिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक बनाया जाएगा। इसकी लंबाई 2.40 किलोमीटर होगी और इस पर दो स्टेशन प्रस्तावित हैं। पॉड टैक्सी के संचालन के लिए अलग ग्रिड आधारित परिवहन प्रणाली विकसित की जाएगी।

परियोजना के निर्माण के लिए कुल 6.9555 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी। इसमें 6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी भूमि शामिल है। इसके अलावा निर्माण सामग्री, मशीनरी और अन्य कार्यों के लिए सीतापुर में प्रस्तावित पीआरटी डिपो के समीप दो हेक्टेयर अस्थायी भूमि पांच साल के लिए चिह्नित की गई है।

कैबिनेट बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय बढ़ाने समेत कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए, जिनसे स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन और रोजगार के क्षेत्र में सीधा असर पड़ेगा।

पीजी डॉक्टरों को दो साल दुर्गम में देनी होगी सेवा

राजकीय मेडिकल कालेजों में पीजी पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए अनिवार्य राजकीय सेवा का बांड अनुमन्य करने पर कैबिनेट ने सहमति दी है। पीजी पूरी करने के बाद संबंधित चिकित्सकों को पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों के अस्पतालों में दो साल अनिवार्य सेवा देनी होगी। इससे दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और ग्रामीण व पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। सरकार का मानना है कि इस फैसले से लंबे समय से चली आ रही डॉक्टरों की कमी की समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकेगा।

बीफार्मा डिग्रीधारकों के लिए भी खुलेंगे भर्ती के रास्ते

कर्मचारी राज्य बीमा योजना में फार्मासिस्ट (एलोपैथिक) के सीधी भर्ती पदों के लिए अब डीफार्मा के साथ बीफार्मा की योग्यता भी मान्य होगी। कैबिनेट ने सेवा नियमावली में संशोधन को मंजूरी दी है। इस फैसले से बीफार्मा डिग्रीधारकों को सरकारी नौकरियों में नया अवसर मिलेगा और लंबे समय से चली आ रही उनकी मांग पूरी होगी। इससे विभाग में योग्य फार्मासिस्टों की उपलब्धता भी बढ़ेगी।

चार चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की सरकारी गारंटी

पेराई सत्र 2026-27 में गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने के लिए 207.75 करोड़ रुपये की शासकीय प्रत्याभूति दी जाएगी। इससे मिलों को पेराई सत्र के दौरान वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और किसानों को गन्ना मूल्य का समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सकेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों की रक्षा करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एक्स-रे टेक्नीशियनों की सेवा शर्तों में संशोधन

चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में कार्यरत एक्स-रे टेक्नीशियनों की भर्ती और नियुक्ति से जुड़ी सेवा शर्तों को विनियमित करने के लिए उत्तराखंड एक्स-रे प्राविधिज्ञ सेवा (संशोधन) नियमावली, 2026 को मंजूरी दी गई है। इस संशोधन से भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित होगी।

काम शुरू नहीं करने पर एनएचआईडीसीएल पैनल से बाहर

राज्य के पांच जिलों में आटोमेटेड, मैकेनाइज्ड और टनल पार्किंग के निर्माण कार्य आवंटित होने के बावजूद लंबे समय तक काम शुरू नहीं करने पर राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) को कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से हटाने का निर्णय लिया गया है। संस्था को जारी धनराशि के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किए जाने को इसका आधार बनाया गया है। सरकार ने कहा है कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *