उत्तराखंड में सर्दी का असर तेज,कोहरे की चेतावनी,पाले से फसल बचाने की सलाह

Uttarakhand News

(देहरादून)28नवंबर,2026

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अब पूरी तरह बदलने की ओर बढ़ रहा है। जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदले पैटर्न का सीधा असर प्रदेश के तापमान में देखने को मिल रहा है। बीते 14 घंटे के आंकड़ों पर नजर डालें तो पहाड़ से लेकर मैदान तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है। हालांकि 27 और 28 नवंबर को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों के साथ मैदानी इलाकों में पाला और कोहरा छाने से ठंड बढ़ने की संभावना है। जबकि दिसंबर के शुरुआत तक बारिश के आसार नहीं है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 27 और 28 नवंबर को पर्वतीय जिलों के साथ हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ हिस्सों में पाला गिरने के साथ कोहरा छाने की संभावना है। इसके बाद 29 नवंबर से दो दिसंबर तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। बृहस्पतिवार के मौसम की बात करें तो प्रदेश भर में दिन भर चटक धूप खिलने से ठंड का अहसास कम रहा। इतना ही नहीं दिन के साथ न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सुबह और शाम के समय ठंड में इजाफा होगा। पर्वतीय क्षेत्रों में रात के समय तापमान में और गिरावट आने से पाला पड़ने की स्थिति बनेगी, जबकि मैदानी इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाने से दृश्यता कम हो सकती है। वाहन चालकों को सुबह के समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार नवंबर में सामान्य से अधिक तापमान के कारण ठंड देर से आ रही है, लेकिन अब धीरे-धीरे मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मैदान से लेकर पहाड़ तक कोहरा सूखी ठंड बढ़ाएगा। दिसंबर के पहले सप्ताह में भी मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे दिन में धूप खिली रहेगी और रात में ठंड बढ़ेगी।

लोगों को सलाह दी गई है कि सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनें और बुजुर्गों व बच्चों का विशेष ध्यान रखें। वहीं किसानों को भी पाला पड़ने की स्थिति में अपनी फसलों को बचाने के लिए आवश्यक उपाय करने को कहा गया है।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *