(नई दिल्ली)25नवंबर,2026
दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता जी ने दिल्ली सचिवालय में समीक्षा बैठक कर सभी लंबित हेल्थकेयर इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को तय समयसीमा में और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यमंत्री ने एक-एक प्रोजेक्ट की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों से निर्माण कार्यों की अद्यतन जानकारी ली। उन्होंने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर विशेष बल दिया।
मुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी निर्माणाधीन अस्पतालों, डिस्पेंसरी और स्वास्थ्य केंद्रों का काम निर्धारित मानकों के अनुसार समय पर पूरा होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि हर प्रोजेक्ट की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां भी देरी हो रही है, वहां तत्काल समाधान किया जाए। गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। जनता को समय पर बेहतर सुविधाएं मिलना ही सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में कोई ढिलाई नहीं चलेगी। अधिकारियों को जवाबदेही के साथ काम करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में 415 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हैं और 1,100 केंद्रों का लक्ष्य निर्धारित है। मुख्यमंत्री ने अगले महीने से नए केंद्रों को शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि हर घर के करीब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक दवाएं आसानी से मिल रही हैं। इससे लोगों को बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और समय व खर्च की भी बचत हो रही है। मोहल्ले में ही इलाज मिलने से लोगों को बड़ी राहत मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य दिल्ली के हर नागरिक तक सुलभ, सस्ती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना है। इसके लिए नए केंद्रों के साथ-साथ मौजूदा केंद्रों को भी और अधिक सशक्त किया जाएगा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लगातार मजबूत किया जाएगा। दिल्ली को स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश का आदर्श शहर बनाना सरकार का संकल्प है और इसके लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह जी एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार सोशल मीडिया)


