(देहरादून)30अक्टूबर,2026
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हाथीबड़कला, देहरादून में आयोजित ‘पीएम-किसान उत्सव दिवस’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के बनासकांठा से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से 18,690 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की।
इसमें उत्तराखंड के 8 लाख 08 हजार से अधिक लाभार्थी किसानों के खातों में 161.96 करोड़ रुपये की सम्मान निधि भेजी गई।
सीएम ने पीएम मोदी का जताया आभार
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के सभी लाभार्थी किसानों को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों को आर्थिक संबल देने की महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि 2019 में योजना की पहली किस्त के समय उत्तराखंड में करीब 4 लाख किसान लाभान्वित हुए थे, आज यह संख्या 8 लाख से अधिक हो चुकी है। देश की सुरक्षा में जवानों की तरह ही खाद्य सुरक्षा में किसानों की भूमिका अहम है।
किसानों के लिए राज्य सरकार की पहलें गिनाईं
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, प्राकृतिक खेती और आधुनिक तकनीकों से किसानों को लाभ मिल रहा है। राज्य सरकार ने भी कई कदम उठाए हैं –
- नहरों से सिंचाई पूरी तरह निःशुल्क की गई है
- किसानों की आय बढ़ाने के लिए बजट में 200 करोड़ का प्रावधान
- 115 करोड़ के निवेश से 350 से अधिक आधुनिक पॉलीहाउस तैयार
- वर्षा आधारित खेती के लिए 1000 करोड़ का क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग प्रोजेक्ट मंजूर
80 प्रतिशत तक अनुदान
सीएम ने कहा कि फल उत्पादन और मोटे अनाज को बढ़ावा देने के लिए नई सेब नीति, कीवी नीति, ड्रैगन फ्रूट नीति और स्टेट मिलेट मिशन शुरू किया गया है, जिसमें पात्र किसानों को 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
कोल्ड चेन, कोल्ड स्टोरेज और खाद्य प्रसंस्करण सुविधाओं पर फोकस किया जा रहा है। महक क्रांति नीति के तहत 7 एरोमा वैली विकसित हो रही हैं और 23 हजार हेक्टेयर में सुगंधित पौधों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार मिल रहा है।
अनुपूरक बजट में धान-गेहूं खरीद के लिए 1100 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आपदा प्रभावित किसानों को अतिरिक्त सहायता देने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
कार्यक्रम में विधायक बृजभूषण गैरोला, किसान आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौधरी, दायित्वधारी प्रताप सिंह पंवार, ज्योति कोटिया, सचिव कृषि डॉ. एस.एन. पांडेय, महानिदेशक कृषि एवं उद्यान डॉ. आनंद श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। (साभार सू वि)


