(देहरादून)30अक्टूबर,2026
मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आज सचिवालय में स्टेट स्टीयरिंग कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट लिमिटेड ने उत्तराखंड में स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर विकसित करने और प्रदेश के युवाओं को विभिन्न देशों में ओवरसीज रोजगार उपलब्ध कराने के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया।
बैठक में मुख्य सचिव ने कंपनी और संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावित रोजगार मॉडल के सभी पहलुओं पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि इस पहल को धरातल पर उतारने से पहले सबसे पहले इसका रेवेन्यू मॉडल स्पष्ट किया जाए। यह तय किया जाए कि –
- इस मॉडल से कितने लोगों को रोजगार मिलेगा
- युवाओं को किस तरह का कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा
- ट्रेनर्स की उपलब्धता कैसे सुनिश्चित होगी
- ट्रेनिंग के बाद प्लेसमेंट की व्यवस्था क्या होगी
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि रोजगार की संभावित मांग के अनुरूप ही प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किए जाएं, ताकि युवाओं को बाजार की जरूरत के हिसाब से प्रशिक्षित कर रोजगार से जोड़ा जा सके। उन्होंने अनुभवी ट्रेनर्स की पहचान कर गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इस पूरी पहल में युवाओं और महिलाओं पर विशेष फोकस रखा जाए, जिससे उन्हें कौशल विकास के माध्यम से स्वरोजगार और देश-विदेश में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
मुख्य सचिव ने कंपनी को सभी प्रक्रियाएं तय टाइमलाइन में पूरी करने के निर्देश दिए। हर गतिविधि के लिए स्पष्ट समयावधि तय करने और उसी के अनुसार प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों को शामिल करते हुए एक विस्तृत वर्कशॉप आयोजित करने के निर्देश भी दिए, ताकि विभिन्न विभागों, कंपनी और अन्य हितधारकों के बीच बेहतर समन्वय से कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जा सके।
उन्होंने कंपनी को नेशनल स्टीयरिंग कमेटी से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में सचिव सी. रविशंकर, रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव मनुज गोयल, स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट लिमिटेड के निदेशक सिद्धार्थ अग्रवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। (साभार सू वि)


