(देहरादून)05सितंबर,2026.
शिक्षक दिवस के अवसर पर आज राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह,(सेनि .) ने लोक भवन में आयोजित शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार समारोह में वर्ष 2025 के लिए चयनित शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को सम्मानित किया और शुभकामनाएँ दीं।
राज्यपाल ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला नहीं, पीढ़ियों को दिशा देने और राष्ट्र का भविष्य गढ़ने वाला मार्गदर्शक होता है। एक शिक्षक विद्यार्थी की प्रतिभा को पहचानकर उसमें आत्मविश्वास जगाता है, उसे बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने का साहस देता है।
उन्होंने कहा कि आज की शिक्षा में तकनीक की शक्ति और शिक्षक की संवेदना का समन्वय समय की आवश्यकता है। तकनीक सीखने के नए द्वार खोल सकती है, पर उन अवसरों को सही दिशा देने का कार्य शिक्षक ही करता है। हमारा लक्ष्य ऐसी शिक्षा व्यवस्था का होना चाहिए, जो बच्चों को आधुनिक ज्ञान के साथ अपनी जड़ों, लोकसंस्कृति, पर्यावरण और हिमालयी विरासत से जोड़े तथा उनमें ज्ञान, संस्कार, संवेदनशीलता और ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ का भाव विकसित करे।(साभार सू वि)
