(देहरादून)17अगस्त,2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, देहरादून में आयोजित एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने प्रतियोगिता में देश-विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत करते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव का विषय है कि प्रदेश को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। ऐसे आयोजनों से उत्तराखंड की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स के अनुकूल गंतव्य के रूप में और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि खेल दुनिया को जोड़ने का माध्यम हैं और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं विभिन्न देशों के बीच मित्रता, सद्भाव और खेल भावना को बढ़ावा देती हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीत और हार खेल के दो पहलू हैं, लेकिन वास्तविक सफलता अनुशासन, समर्पण, खेल भावना और कभी हार न मानने वाली दृढ़ इच्छाशक्ति में निहित है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के साथ खेल भावना की मिसाल भी पेश करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति सोच और वातावरण में व्यापक बदलाव आया है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को मजबूत किया है। आज भारतीय खिलाड़ी ओलंपिक, एशियन गेम्स और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार प्रदेश को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले वर्ष प्रदेश में 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से आधुनिक एवं विश्वस्तरीय खेल अवस्थापना का मजबूत आधार तैयार हुआ है। इसी का परिणाम है कि उत्तराखंड अब अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में सक्षम हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना पर कार्य चल रहा है, जबकि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है।
उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर दिए जा रहे हैं। प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति, आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में निःशुल्क शिक्षा एवं प्रशिक्षण सहित मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना जैसी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पारंपरिक खेलों के साथ वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है। लक्ष्य है कि उत्तराखंड देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के खिलाड़ियों के लिए पसंदीदा खेल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित हो।
एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का आयोजन 17 से 20 अगस्त तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, देहरादून में किया जा रहा है।
कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।(साभार)
