मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने की राजनीतिक दलों से चर्चा

Uttarakhand News

(देहरादून)14अगस्त,2026.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने आज मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर एसआईआर के संबंध में विस्तृत चर्चा की। बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने एसआईआर के तीसरे चरण में गतिमान दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया में विस्तृत जानकारी दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण नियम 1960 एवं मैनुअल ऑफ इलेक्टोरल रोल में निहित प्रावधानों की बिंदुवार जानकारी दी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक कुल 2 लाख 83 हजार 890 दावे एवं आपत्तियां विभिन्न माध्यमों से प्राप्त हुई हैं। जिसके तहत 1 लाख 28 हजार( फार्म-6), 1 लाख 7 हजार (फार्म-7) और 47 हजार (फार्म-8) प्राप्त हुए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से आग्रह करते हुए कहा कि दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के दौरान वे अपने बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों को यह भी अवगत कराया कि वर्तमान में फार्म 6, 7 और 8 को डिजिटिलाइज करने की प्रक्रिया गतिमान है।

बैठक में उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास सहित भारतीय जनता पार्टी से श्री राजकुमार पुरोहित, इंडियन नेशनल कांग्रेस से श्री मनोज रावत, श्री अमेंद्र बिष्ट, बीएसपी से श्री सत्यपाल, आम आदमी पार्टी से श्री श्याम बाबू पांड्य, सीपीआई (एम) श्री अनंत आकाश उपस्थित रहे।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *