“हरेला” पर 11 लाख पौधरोपण अभियान का शुभारंभ

Uttarakhand News

(देहरादून)15जुलाई,2026

हरेला पर्व की पूर्व संध्या पर प्रदेश के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय में उद्यान विभाग द्वारा आयोजित निःशुल्क फलदार पौधा वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशव्यापी 11 लाख पौधरोपण अभियान की शुरुआत करते हुए आम, लीची, अमरूद, नींबू, अनार, कटहल सहित विभिन्न फलदार, सुगंधित एवं औषधीय पौधों का निःशुल्क वितरण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि हरेला केवल उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक परंपरा ही नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण का भी महत्वपूर्ण प्रतीक है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

गणेश जोशी ने बताया कि पिछले वर्ष उद्यान विभाग द्वारा हरेला पर्व पर 9 लाख से अधिक फलदार पौधों का रोपण किया गया था। इस वर्ष अभियान का दायरा बढ़ाते हुए 10 लाख फलदार पौधे, 50 हजार चाय के पौधे और 50 हजार रेशम विभाग के पौधों सहित कुल 11 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ देहरादून से किया गया।

उन्होंने कहा कि फलदार पौधों को प्राथमिकता देने का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लोगों को भविष्य में पोषण और आर्थिक लाभ उपलब्ध कराना है। लोगों का फलों से स्वाभाविक जुड़ाव होने के कारण इन पौधों के संरक्षण और जीवित रहने की संभावना भी अधिक रहती है।

कृषि मंत्री ने प्रदेशवासियों से हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक पौधारोपण करने, लगाए गए पौधों की देखभाल करने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ उत्तराखण्ड के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कैंट विधायक सविता कपूर, सरकार में दायित्वधारी ज्योति कोटिया, उद्यान निदेशक डॉ. आर.के. सिंह, कृषि निदेशक दिनेश कुमार, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुंग सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *