अनुसूचित जाति हेतु ₹1.25 करोड़ की कार्ययोजना मंजूर

Uttarakhand News

(देहरादून)14जुलाई,2026

जनपद देहरादून में अनुसूचित जाति वर्ग के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (PMAJAY) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ₹124.94 लाख की जिला कार्ययोजना को मंजूरी दे दी है। जिलाधिकारी द्वारा स्वीकृत इस योजना को अब अंतिम अनुमोदन के लिए भारत सरकार को भेजा गया है। योजना के लागू होने पर जिले के 465 अनुसूचित जाति के युवाओं को स्वरोजगार और कौशल विकास का लाभ मिलेगा।

योजना के ‘ग्रांट-इन-एड’ घटक के अंतर्गत 175 बेरोजगार अनुसूचित जाति युवक-युवतियों को स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए कुल ₹87.55 लाख की आर्थिक सहायता (सब्सिडी) प्रदान की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाते हुए उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है।

इसके अलावा 290 शिक्षित बेरोजगार युवाओं को वर्तमान बाजार की मांग के अनुरूप रोजगारपरक एवं कौशल विकास प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण अधिकृत एवं प्रतिष्ठित स्वैच्छिक संस्थाओं के माध्यम से कराया जाएगा, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ सकें।

जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन से स्वीकृति मिलते ही लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए, ताकि योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से वास्तविक पात्रों तक पहुंच सके।

जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि कार्ययोजना को अंतिम मंजूरी के लिए शासन एवं भारत सरकार को भेजा जा रहा है। स्वीकृति प्राप्त होते ही पात्र लाभार्थियों के चयन, कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार के लिए अनुदान वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक युवाओं को सम्मानजनक आजीविका से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *