सीएम धामी ने विकास योजनाओं के लिए 99 करोड़ किए स्वीकृत

Uttarakhand News

(देहरादून)12जुलाई,2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जनपदों में आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन, धार्मिक एवं सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए लगभग 99 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी प्रदान की है। इनमें राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के गोल्डन कार्ड के सुचारू संचालन एवं लंबित देयों के भुगतान के लिए 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी शामिल है।

मुख्यमंत्री ने रामनगर में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के ऑटोमेशन के लिए 3.68 करोड़ रुपये, पुलिस संचार प्रशिक्षण केंद्र धौरणखास, देहरादून में 150 केएलडी क्षमता के एसटीपी प्लांट एवं साइट विकास के लिए 2.73 करोड़ रुपये, बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन की स्थापना के लिए 9.45 करोड़ रुपये तथा रुद्रप्रयाग कोषागार भवन के अनुरक्षण कार्यों के लिए 38.06 लाख रुपये की स्वीकृति दी है।

चम्पावत जिले में ककराली-टनकपुर से मां पूर्णागिरि धाम तक स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 5 करोड़ रुपये (प्रथम किश्त 2 करोड़ रुपये), डीडीहाट के लोहारगांव संपर्क मार्ग निर्माण, जवाहर नवोदय विद्यालय लटौली में ओपन जिम, यमकेश्वर में जानकी पुल से चौरासी कुटिया तक बीटल्स स्ट्रीट का विकास, धारचूला में पैदल मार्ग निर्माण, लोहाघाट में शिव मंदिर सौंदर्यीकरण, कपकोट में विद्युत सब स्टेशन, पूर्णागिरि धाम के सेलागाड़ गांव में इंटरलॉकिंग टाइल्स तथा भीमताल क्षेत्र में दो धर्मशालाओं के निर्माण के लिए भी वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की गई हैं।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने ग्रामीण निर्माण विभाग के अंतर्गत सड़क एवं ट्रस पुल निर्माण योजनाओं के लिए प्रथम किश्त के रूप में 1.37 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है। इसके तहत चमोली में पैदल पुलिया, देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्ग के सुधारीकरण तथा पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर क्षेत्र में स्टील ट्रस पैदल पुल के निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार,धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित करना है, ताकि विकास का लाभ प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *