राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को मिलेगी आउट ऑफ टर्न नौकरी

Uttarakhand News

(देहरादून)07जुलाई,2026

खेल मंत्री रेखा आर्या ने विधानसभा स्थित कार्यालय कक्ष में खेल विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर खिलाड़ियों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णयों पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्ष 2025 के राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी देने संबंधी प्रस्ताव आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्तुत किया जाए।

बैठक में लेगेसी योजना के तहत अस्थायी रूप से संचालित 23 खेल अकादमियों को स्थायी रूप से संचालित करने के लिए आवश्यक पदों के सृजन का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा लगभग 243 राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ियों को खेल अकादमियों, खेल विश्वविद्यालय तथा अन्य विभागों में आउट ऑफ टर्न नियुक्ति के माध्यम से समायोजित करने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

खेल मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि अन्य विभागों में आउट ऑफ टर्न नियुक्त खिलाड़ियों को मूल खेल विभाग में डेप्यूटेशन पर तैनात किए जाने संबंधी प्रस्ताव भी तैयार किया जाए, ताकि खिलाड़ी अपने खेल और सेवा दोनों का बेहतर संतुलन बना सकें।

रेखा आर्या ने बताया कि 29 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गौलापार में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा प्रस्तावित खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को देश की अग्रणी खेल भूमि के रूप में विकसित करना है।

बैठक में नई खेल नीति पर भी विस्तृत चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि पूर्व की खेल नीति की कमियों को दूर करते हुए भारत सरकार की खेल नीति के अनुरूप नई नीति तैयार की जाएगी। इसमें पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के साथ-साथ पैरा एथलीटों और बौने खिलाड़ियों (ड्वार्फ एथलीट्स) के लिए भी समुचित प्रावधान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि नई खेल नीति को अंतिम रूप देने से पहले खिलाड़ियों और आमजन से सुझाव भी आमंत्रित किए जाएंगे तथा उत्कृष्ट सुझाव देने वालों को सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह, महाराणा प्रताप खेल परिसर के प्राचार्य राजेश ममगाईं, संयुक्त निदेशक खेल अजय अग्रवाल सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *