(नई दिल्ली)28मई,2026
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार देश के कई हिस्सों में अब जानलेवा गर्मी से बड़ी राहत मिलने वाली है। 28 मई से उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में मौसम तेजी से बदलेगा। तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी और कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने की संभावना है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे तटीय और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है।
मानसून की चाल और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश
IMD के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों सहित लक्षद्वीप और अंडमान सागर में आगे बढ़ चुका है। अगले दो-तीन दिनों में इसके और भी नए इलाकों में पहुँचने के लिए हालात पूरी तरह से अनुकूल हैं। इसके प्रभाव से 28 मई और उसके बाद असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश होगी। इसके अलावा 28 से 30 मई के बीच बिहार, पश्चिम बंगाल और अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भी तेज हवाओं के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है। 28 और 29 मई को बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी भी आ सकती है।
उत्तर भारत में धूल भरी आंधी और ओले
उत्तर भारत के लोगों को लू और तपती गर्मी से राहत मिलने जा रही है। IMD के अनुसार, 28 से 30 मई के बीच उत्तर-पश्चिम भारत के अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट आएगी। 28 और 29 मई को उत्तर प्रदेश और राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 28 और 29 मई को तेज गरज के साथ ओले गिर सकते हैं। राजस्थान में भी 29 मई को ओलावृष्टि होने का अनुमान है। हवा की गति भी काफी तेज रहेगी। 29 मई को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँच सकती है।
मध्य भारत में भी 28 मई से लेकर 2 जून के बीच अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे कमी आएगी। IMD के अनुसार, 29 और 30 मई को मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में और 29 मई को छत्तीसगढ़ में ओले गिरने की संभावना है। इन राज्यों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। दक्षिण भारत की बात करें तो तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 28 और 29 मई को भारी बारिश का अनुमान है। केरल, माहे और लक्षद्वीप में एक और दो जून को भारी बारिश हो सकती है। (साभार एजेंसी)
