(देहरादून)22मई,2026
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री शिविर कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में सिंचाई विभाग एवं कृषि विभाग के अंतर्गत विभिन्न पदों पर चयनित कुल 483 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 473 पद सिंचाई विभाग तथा 10 पद कृषि विभाग के हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसे उत्तराखण्ड का सपना देखा था, जहाँ युवाओं की पहचान उनकी मेहनत और प्रतिभा से हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सपनों को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र वितरण प्रतिभाशाली युवाओं की मेहनत, लगन और संकल्प का सम्मान है। उन्होंने कहा कि चयनित युवा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए राज्य एवं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से ही योग्य और ईमानदार युवाओं को अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए सख्त नकल विरोधी कानून के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और अब नौकरियां मेहनत एवं प्रतिभा के आधार पर मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।
उन्होंने कहा कि सभी का लक्ष्य देवभूमि उत्तराखण्ड की सेवा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी विभाग केवल भवनों और अभिलेखों से नहीं, बल्कि कर्मठ और ईमानदार लोगों से चलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-2047 के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार सिंचाई एवं कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि प्रदेश में निष्पक्ष एवं योग्यता आधारित भर्ती प्रक्रिया को निरंतर मजबूती मिली है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद अब पात्र और मेहनती युवाओं को ही नियुक्तियां मिल रही हैं।
इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर, श्री उमेश शर्मा काऊ व महंत दलीप सिंह रावत,प्रमुख सचिव डॉ.आर.मीनाक्षी सुंदरम और सचिव श्री सुरेंद्र नारायण पांडे व श्री युगल किशोर पंत उपस्थित रहे।(साभार)
