श्री हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारी शुरू

Uttarakhand News

(चमोली)15अप्रैल,2026

आगामी हेमकुंड साहिब यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब ट्रस्ट के सेवादारों और भारतीय सेना की टुकड़ी ने संयुक्त रूप से ट्रेक मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। अरदास के बाद यह टीम गोविंदघाट से घंगरिया के लिए रवाना हुई।

इस अभियान में भारतीय सेना की 418 माउंटेन ब्रिगेड की टुकड़ी, जो एक सूबेदार के नेतृत्व में कार्य कर रही है, ट्रस्ट के सेवादारों के साथ मिलकर मार्ग को साफ करने में जुटी है। ट्रस्ट के सीईओ सरदार सेवा सिंह ने टीम को विदाई देते हुए उनके सुरक्षित और सफल अभियान की कामना की।
करीब एक सप्ताह पहले की गई रेकी में हेमकुंट साहिब और अटलकोटी ग्लेशियर क्षेत्र में 8 फीट से अधिक बर्फ पाई गई थी। अब यह टीम घंगरिया में डेरा डालकर रोजाना ऊपरी क्षेत्र की ओर बढ़ते हुए भारी बर्फ को काटकर ट्रेक मार्ग को साफ करेगी। उम्मीद जताई जा रही है कि लगातार प्रयासों से अगले तीन सप्ताह में मार्ग पूरी तरह तैयार हो जाएगा।

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 20 मई 2026 को ऋषिकेश से प्रथम जत्था रवाना होगा, जबकि 23 मई 2026 को पवित्र कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। लगभग 4,632 मीटर की ऊंचाई पर स्थित Hemkund Sahib सिख धर्म का प्रमुख तीर्थस्थल है, जो सात हिमाच्छादित पर्वतों और पवित्र झील से घिरा हुआ है।

ट्रस्ट के अध्यक्ष सरदार नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने इस अवसर पर भारतीय सेना का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से हर वर्ष यात्रा को सुरक्षित और सफल बनाया जाता है। उन्होंने सेवादारों के समर्पण और सेवा की सराहना की।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *