चारधाम यात्रा हेतु “ग्रीन कार्ड” जारी

Uttarakhand News

(देहरादून)12अप्रैल,2026.

आगामी चार धाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन और परिवहन विभाग ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में परिवहन विभाग ने अब तक जिले के 600 वाहनों को ग्रीन कार्ड जारी कर दिए हैं। इन वाहनों को तकनीकी जांच और मानकों पर खरा उतरने के बाद यात्रा मार्ग पर चलने के लिए अधिकृत किया गया है।

गौरतलब है कि 31 मार्च को परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने ग्रीन कार्ड का शुभारंभ किया था। दस दिनों के भीतर विभाग की ओर से 600 ग्रीन कार्ड जारी कर दिए गए हैं। यात्रा सीजन शुरू होने से पहले ही जिले के वाहन स्वामियों ने ग्रीन कार्ड के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी थी। विभाग ने वाहनों की फिटनेस, ब्रेक, लाइट और अन्य सुरक्षा मानकों की गहनता से जांच की गई।

पार्किंग व्यवस्था पर भी चर्चा
यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए केवल उन्हीं वाहनों को अनुमति दी जा रही है जो पहाड़ी रास्तों के अनुकूल हैं। प्रारंभिक चरण में जिले के 600 छोटे-बड़े वाहनों को यात्रा के लिए फिट पाया गया है। सभी वाहनों के फिटनेस प्रमाण पत्र और प्रदूषण मानकों की जांच अनिवार्य की गई है। यात्रा पर जाने वाले वाहनों के लिए रूट और पार्किंग व्यवस्था पर भी चर्चा की जा रही है।

आने वाले दिनों में आवेदनों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है, जिसके लिए अतिरिक्त काउंटरों और जांच टीमों को तैनात किया गया है। विभाग का लक्ष्य है कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी पात्र वाहनों को समय पर ग्रीन कार्ड उपलब्ध करा दिए जाएं ताकि तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। – निखिल शर्मा, एआरटीओ, हरिद्वार (साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *