(देहरादून)3अप्रैल,2026
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नगर निगम देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन के तहत 2 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की लागत से जुगमंदर हॉल के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने केदारपुरम स्थित एबीसी सेंटर में कैनाल निर्माण तथा नगर निगम क्षेत्र के छह स्थानों पर पार्कों के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “विकास भी और विरासत भी” के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। देहरादून अपनी सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित रखते हुए तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शहरी विकास योजनाओं—स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना, स्मार्ट सिटी मिशन और प्रधानमंत्री आवास योजना—का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से शहरों में आधारभूत सुविधाओं का व्यापक विस्तार हुआ है।
उन्होंने बताया कि देहरादून को आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए 1400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। शहर में ठोस कचरा प्रबंधन को सुदृढ़ करने, इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की स्थापना, 35 पार्कों के निर्माण, इलेक्ट्रिक बसों के संचालन तथा चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना जैसे कार्य किए गए हैं। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून को देश में 19वां स्थान प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल्द ही दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के शुरू होने से आवागमन सुगम होगा, जिसे देखते हुए पार्किंग, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए रिस्पना और बिंदाल नदियों पर एलिवेटेड रोड की योजना भी प्रस्तावित है।
उन्होंने नगर निगम के कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि पिछले एक वर्ष में राजस्व संग्रहण 52 करोड़ रुपये से बढ़कर 73 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। साथ ही डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की संख्या भी लगभग 200 से बढ़कर 300 हो गई है।
मुख्यमंत्री ने सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखने पर जोर देते हुए नगर निगम को इस दिशा में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए और नागरिकों से देहरादून को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक शहर बनाने में सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, राम सिंह कैड़ा, खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सहदेव सिंह पुंडीर, नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
