कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में तेजी के निर्देश

Uttarakhand News

(देहरादून)2अप्रैल,2026.

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने शुक्रवार को हरिद्वार में विभिन्न निर्माणाधीन एवं प्रस्तावित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा विभागीय समन्वय को मजबूत बनाकर गति बढ़ाई जाए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने अपर गंगा नहर के बाएं तट पर शहीद भगत सिंह घाट (कामधेनु घाट) से सिंहद्वार तक निर्माणाधीन घाटों एवं बैरागी कैम्प घाट का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए आधुनिक मानकों के अनुरूप घाटों का निर्माण किया जाए। साथ ही ‘ग्रीन घाट’ विकसित करने के निर्देश दिए, जिसके तहत घाटों पर हरित पट्टी और पौधारोपण किया जाएगा।

उन्होंने बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए रैम्प, चेंजिंग रूम और प्रसाधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

मुख्य सचिव ने ज्वालापुर–ईदगाह–पीएसी–शिवालिक नगर मार्ग पर पथरी रौ नदी पर बन रहे 60 मीटर लंबे सेतु, बहादराबाद–सिडकुल मार्ग के चौड़ीकरण कार्य तथा धनौरी–सिडकुल लिंक मार्ग पर 90 मीटर स्पान पुल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने वर्षाकाल से पूर्व नदी तल से संबंधित कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया।
हरिद्वार बाईपास रिंग रोड परियोजना और दिल्ली राजमार्ग पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश देते हुए उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों से सप्ताहवार लक्ष्य निर्धारित कर नियमित समीक्षा करने को कहा।

इसके अलावा बैरागी कैम्प में 1500 किलोलीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक सहित जलापूर्ति योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कुंभ के दौरान निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेला-2027 अंतरराष्ट्रीय स्तर का आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आएंगे। ऐसे में यातायात प्रबंधन, सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है।

उन्होंने मेला नियंत्रण भवन स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर शहरी विकास सचिव नितेश झा, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पांडे, आईजी राजीव स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *