(देहरादून )13सितम्बर,2025.
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार संध्या को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचाररत मरीजों से बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और अस्पताल द्वारा प्रदान की जा रही चिकित्सीय सुविधाओं के बारे में पूछा। मरीजों और उनके परिजनों से संवाद के माध्यम से मुख्यमंत्री ने चिकित्सा सेवाओं की वास्तविक स्थिति को समझा और आवश्यक निर्देश दिए।
राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के क्रम में मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में वेटिंग एरिया (प्रतीक्षालय) में तीमारदारों के लिए समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तीमारदारों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, पंखे और पेयजल सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, नियमित सैनिटाइजेशन और रंग-रोगन की व्यवस्था तत्काल प्रभाव से करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल केवल चिकित्सा का स्थान नहीं है, बल्कि यह मानसिक और शारीरिक रूप से रोगियों और उनके परिजनों को संबल देने का स्थान भी है।
उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों से कहा कि मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों की सुविधा और सम्मान राज्य सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी अस्पतालों में आम जन को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर में कार्यरत ऑपरेटर से सैंपल संग्रहण की प्रक्रिया, रिकॉर्डिंग और प्रयोगशाला में होने वाली टेस्टिंग के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपयोग हो रही तकनीक और संसाधनों की कार्यकुशलता की सराहना की और निरंतर निगरानी के निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन, चिकित्सा अधिकारियों और स्टाफ को निर्देश दिए कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता हो। स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और त्वरित सेवा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए ताकि आम जनमानस को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने अटल आयुष्मान उत्तराखंड योजना हेल्प डेस्क का भी जायजा लिया। उन्होंने हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मचारियों से योजना की कार्यप्रणाली, लाभार्थियों को दी जा रही सहायता, कार्ड बनाने की प्रक्रिया और मरीजों के क्लेम की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अटल आयुष्मान योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। हेल्प डेस्क पर आने वाले हर व्यक्ति को सरल, स्पष्ट और त्वरित जानकारी मिले, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए संजीवनी के समान है, और इसकी प्रभावी क्रियान्वयन व्यवस्था के लिए सभी संबंधित विभाग सजग और सक्रिय रहें।
निरीक्षण के दौरान अपर सचिव श्री बंशीधर तिवारी, चिकित्सा अधीक्षक, वरिष्ठ चिकित्सकगण, प्रशासनिक अधिकारीगण और स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
